मथुरा के जंगल में चल रही थी अवैध हथियार की फैक्ट्री, छापेमारी करने पहुंची पुलिस टीम पर फायरिंग, गोली लगने से एक बदमाश घायल

मथुरा के जंगल में चल रही थी अवैध हथियार की फैक्ट्री, छापेमारी करने पहुंची पुलिस टीम पर फायरिंग, गोली लगने से एक बदमाश घायल

नई दिल्ली संवाददाता खुशरंग हिना

मथुरा के जंगलों में अवैध हथियार बनाने की फैक्ट्री का संचालन किया जा रहा था। मौके पर पुलिस के पहुंचने के दौरान बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी और भागने का प्रयास किया।क्रॉस फायरिंग के दौरान पुलिस की गोली से एक बदमाश घायल हो गया। पुलिस ने बदमाशों को पकड़ लिया है और 15 तमंचों के साथ हथियार बनाने के उपकरण भी बरामद किए हैं।

पुलिस को देखते ही शुरू हुई फायरिंग, गोली लगने से 1 बदमाश घायल

मामले को लेकर एसएसपी शैलेश पांडे ने बताया कि थाना जैंत क्षेत्र के वृंदावन के निकट धौरेरा गांव में जंगल में हथियार बनाने की फैक्ट्री को लेकर सूचना प्राप्त हुई थी। इसी बीच जब पुलिस मौके पर पहुंची तो 3 लोगों के द्वारा अवैध हथियार बनाए जा रहे थे। एसओजी और थाना जैंत की संयुक्त टीम के द्वारा कार्रवाई की गई तो मौके पर अकरम, भोला और नीरज देशी तमंचा बनाने का काम कर रहे थे। मामले में एसपी सिटी मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि जंगल में पुलिस पहुंची तो अकरम, भोला और नीरज ने फायरिंग शुरू कर दी। इस बीच पुलिस ने बचाव का प्रयास करते हुए जवाबी फायरिंग की। मुठभेड़ में अकरम के बाएं पैर में गोली लगी है। अकरम के घायल होते ही भोला और नीरज ने भी तमंचा लहराना सुरू कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया।

अवैध हथियार बनाने के उपकरण भी हुए बरामद

पुलिस ने घायल अकरम को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा है जबकि भोला और नीरज को जैंत थाने ले जाया गया है। वहां दोनों से पूछताछ की जा रही है। अकरम, भोला और नीरज की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने जंगल में चल रही अवैध हथियार फैक्ट्री को भी खंगाला। यहां खुले आसमान के नीचे हथियार बनाए जा रहे थे। मौके पर 15 बने और अधबने तमंचे, खोखा कारतूस और 20 जिंदा कारतूस भी बरामद हुए हैं। जबकि अवैध हथियार बनाने के उपकरण भी बरामद किए गए हैं।